5वीं, 8वीं और दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम कल होंगे घोषित

बोर्ड सचिव गजेंद्रसिंह राठौर के अनुसार 10वीं कक्षा का परिणाम कल दोपहर 1 बजे किया जाएगा घोषित

जयपुर / बीकानेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर इस बार मार्च महीने में परीक्षा परिणाम जारी करने जा रहा है। लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म करते हुए बोर्ड 24 मार्च को 10वीं, 8वीं और 5वीं कक्षा के नतीजे घोषित करेगा,जबकि 12वीं का परिणाम 31 मार्च को जारी किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जयपुर में मीडिया को बताया कि बोर्ड ने इस वर्ष परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को तेज किया है। इसके तहत 24 मार्च को 10वीं, 8वीं और 5वीं कक्षा के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद 12वीं कक्षा का परिणाम 31 मार्च को घोषित किया जाएगा। बोर्ड सचिव गजेंद्रसिंह राठौर के अनुसार 10वीं कक्षा का परिणाम 24 मार्च को दोपहर 1 बजे घोषित किया जाएगा। इस बार राजस्थान बोर्ड मार्च महीने में ही परिणाम जारी कर नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है, जबकि इससे पहले परिणाम मई में घोषित होते थे।
इस वर्ष 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं। इसमें 10,68,078 विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा समाप्त होने के बाद मात्र 20 दिनों में 30,915 परीक्षकों ने 64,08,468 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया। औसतन प्रतिदिन 3,20,423 कॉपियों की जांच की गई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार एक अप्रेल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू किया जाना है, इसी कारण बोर्ड प्रशासन ने परिणाम जल्दी घोषित करने का निर्णय लिया है। वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 11 मार्च तक चली थीं, जिसमें 9,10,009 विद्यार्थी शामिल हुए। बोर्ड की कोशिश है कि 12वीं आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स का परिणाम भी तय समय पर घोषित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *