बीकानेर। रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक वूलन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग गली नंबर 10 स्थित शुभ ऊन उद्योग में रखे ऊन के बोरों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। फैक्ट्री रोहित अग्रवाल द्वारा लीज पर संचालित की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से ऊन के बोरों सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
रानी बाजार की वूलन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पांच दमकलों ने पाया काबू
