बीकानेर। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उनकी अवैध कमाई के नेटवर्क को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को बीकानेर पुलिस ने 34 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध पानी कारोबार पर प्रहार किया।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी के पास से गुजर रही पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन कर रखा था। इसी अवैध कनेक्शन के जरिए टैंकरों में पानी भरकर बेचा जा रहा था और लंबे समय से मोटी कमाई की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और पीएचईडी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई कर अवैध पाइप लाइन को काट दिया। मौके पर पीएचईडी के एईएन योगेंद्र कुमार सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल का माहौल बना रहा।
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब पुलिस अपराधियों को केवल जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके गैरकानूनी धंधों और अवैध कमाई के रास्तों को भी पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
पूरी कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन एवं एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में संपन्न हुई। बीकानेर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है कि अब अपराध के साथ-साथ उसकी आर्थिक जड़ों पर भी सीधा वार किया जाएगा।
