बीकानेर। लक्ष्मीनाथ नवयुवक मंडल और राम रहीम सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में 551 कन्याओं का पूजन भांडासर जैन मंदिर में किया गया। इस दौरान पंडित ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ पूजा अर्चना की। बाद में कन्याओं के पांव धोकर उनका सामूहिक पूजन कर भोजन करवाया गया। संस्था अध्यक्ष राजेश छंगाणी ने बताया कि आयोजन में विमला ढुकवाल, मीना आसोपा, सुमन जैन, एसआई राजकुमार, विष्णु अग्रवाल, प्रमोद छंगाणी, रवीश कुमार सोनी, शंकर भोजक, प्रभु छंगाणी आदि ने कन्याओं को भोजन करवाया।

गूंजे माता के जैकारे

दुर्गा अष्टमी पर भगवती का पूजन कर नौ कन्याओं की भी पूजा की गई तथा भोजन कराया गया। उन्हें दक्षिणा-फल वितरित किए गए। सवेरे माता रानी की ज्योत ली गई। घर घर कन्याओं का पूजन कर उन्हें भेंट स्वरूप फल, मेहंदी व पान दिया गया। इसके अलावा मां दुर्गा को लाप्सी का भोग भी लगाया गया।

वहीं मां के मंदिरों में भक्तों की लाइनें लगी रही। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। सभी भक्तों ने मां का पूजन सुपारी, पान, नारियल, चुनरी, श्रृंगार से किया। दिन भर मंदिर में भक्तों की लाइनें लगी रही। भक्तों की सुरक्षा में पुलिस बल तैनात रहा। नत्थूसर गेट के बाहर पुष्करणा ब्राह्मण समाज की क ुलदेवी मां उष्ट्र वाहिनी के मंदिर में दुर्गाष्टमी के उपलक्ष्य में भगवती के विशेष भोग लगाया गया और पूजा अर्चना की गई। मंदिर परिसर में कन्याओं का पूजन किया गया तथा उन्हें देवी स्वरूप मानकर भोजन करवाया गया। मंदिर में नवाह्न पारायण, दुर्गा सप्तशती व सुंदर कांड के पाठ किये गये।