बीकानेर। सिर पर केशरिया पगडिय़ां,हाथ में केसरिया झंड़े और डीजे की धुन पर नाचते युवा और उनका जगह जगह भव्य स्वागत। ये नजारा बीकानेर में सोमवार को देखने को मिला। मौका था हिन्दु नववर्ष पर आयोजित धर्मयात्रा का। एम एम ग्राउण्ड से शुरू हुई इस धर्मयात्रा में पचास हजार के करीब लोग राम के जयकारों के साथ नाचे गाते चल रहे थे। जिनका हर मौहल्ले व गली गुवाड़ में फूल मालाओं व पुष्पवर्षा के साथ सत्कार किया गया।


पुष्पवर्षा से स्वागत
एम एम ग्राउण्ड से प्रारम्भ हुई धर्मयात्रा का यात्रा के मार्ग में अनेक स्थानों पर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर खड़े पुरुषों के साथ घरों की छतों पर मौजूद महिलाओं व बालिकाओं ने भी पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा में शामिल लोगों को स्वागत किया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा के लिए मंच भी बनाए गए जहां से धर्मयात्रा के दौरान अनवरत पुष्पवर्षा होती रही। मोहल्ला विकास समितियों सहित राजनीतिक पार्टियों, विभिन्न संस्थाओं, शहरवासियों की ओर से यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया।


जगह-जगह मनुहार
हिन्दू जागरण मंच के बैनर तले निकाली गई धर्मयात्रा में शामिल लोगों का यात्रा के मार्ग में दर्जनों स्थानों पर जगह -जगह मनुहार की गई। इस दौरान शीतल जल, कोल्ड ड्रिंक, छाछ, आईसक्रीम, कुल्फी इत्यादि की सेवाएं दी गई। बड़ी संख्या में सेवाभावी लोगों ने धर्मयात्रा में शामिल लोगों की मनुहार कर सेवाएं उपलब्ध करवाई। इस कार्य में बच्चों से बुजुर्गो तक व कुछ स्थानों पर महिलाएं भी सेवा को तत्पर दिखाई दी। अनेक युवा मण्डलियों, मोहल्ला विकास समितियों की ओर से भी ये सेवाएं उपलब्ध करवाई गई।


बजते रहे गीत, गूंजते रहे जयघोष
धर्मयात्रा के दौरान मरुनगरी मां भारती व भगवान श्रीराम की वंदना के गीतों, श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान रहा। धर्मयात्रा में शामिल युवा धर्मयात्रा को लेकर तैयार किए गए विशेष गीतों पर नाचते-गाते यात्रा में शामिल हुए। वहीं बड़ी संख्या में शामिल लोग भारत माता व श्रीराम के जयकारे लगाते हुए चलते रहे। सड़कों के दोनों और खड़े हजारो शहरवासी भी जयघोष कर धर्मयात्रा में शामिल लोगों का उत्साहवद्र्धन करते रहे। धर्मयात्रा का पूरा मार्ग करीब ढाई घण्टे तक इन गीतों व जयघोष से गुंजायमान रहा। दर्जनों डीजे पर ये गूंजते रहे।


इन मार्गो से निकली धर्मयात्रा
एम एम ग्राउण्ड से प्रारम्भ हुई धर्मयात्रा गोकुल सर्किल, नत्थुसर गेट, बारह गुवाड़ चौक, सदाफते, रत्ताणी व्यास चौक, हर्षो का चौक, मोहता चौक, तेलीवाड़ा चौक, दाऊजी मंदिर रोड, जोशीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड, सार्दुल सिंह सर्किल होते हुए जूनागढ़ के समक्ष पहुंची। हालांकि धर्मयात्रा अपने निश्चित मार्ग से होकर भी निकली मगर बड़ी संख्या में शामिल लोगों और वाहनों के काफिले को देखते हुए धर्मयात्रा में शामिल लोग एम एम ग्राउण्ड से जस्सूसर गेट, चौंखूटी पुलिया, हैड पोस्ट ऑफिस होते हुए भी जूनागढ़ के समक्ष पहुंचे।

चारों और भगवा ही भगवा
धर्मयात्रा के दौरान मरुनगर भगवे रंग में रंगी नजर आई। धर्मयात्रा में शामिल लोगों के सिर पर जहां भगवा रंग का साफा पहना नजर आया वहीं बड़ी संख्या में धर्मयात्रा में शामिल युवा भगवा रंग की बनिया व गले में भगवा दुपट्टा लगाए नजर आए। धर्मयात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवामय नजर आया। वहीं धर्मयात्रा मार्ग में बड़ी संख्या में लगे हुए पोस्टरों, बैनरो, ऊ लिखी झण्डियों, भगवा पताकाओं, फर्रियों से सजे रहे। अनेक स्थानों पर धर्मयात्रा में शामिल लोगों के स्वागत में बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर आकर्षण का केन्द्र बने रहे। दुकानों, घरों की दीवारों, वाहनों, ऑटो रिक्शाओं पर झण्डिया लगी रही।

नाचते गाते हुए शामिल
डीजे पर बज रहे देशभक्ति व धर्मयात्रा के गीतों की मधुर धुनों पर युवा नाचते गाते हुए शामिल हुए। धर्मयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों व वाहनों के शामिल होने के धीरे धीरे चल रही धर्मयात्रा के दौरान युवा भगवान श्रीराम के जयघोष व धर्मयात्रा के गीतों की धुनों पर नाचते रहे। युवाओं की मण्डलियां नाच गान करती हुई धर्मयात्रा के पूरे मार्ग में शामिल रही।
थम सी गई सड़कें
करीब ढाई घण्टे तक चली धर्मयात्रा के दौरान सड़के थम सी गई। यात्रा के मार्ग पर केवल यात्रा में शामिल लोग ही चलते नजर आए। मुख्य सड़कों से सटती अन्य सड़कों, गलियों का यातायात थम सा गया। सड़क को क्रॉस करने के लिए करीब ढाई घण्टे तक उनको इंतजार करना पड़ा। हालांकि बड़ी संख्या में लोग मार्ग बदलकर जाते हुए नजर आए मगर अधिकांश लोग धर्मयात्रा के नजारे को देखने के लिए सड़कों पर ही रुके रहे। धर्मयात्रा निकलने के भी करीब आधा से पौन घण्टे बाद यातायात की स्थिति सामान्य सी नजर आई। धर्मयात्रा के दौरान मार्गो पर युवा यातायात सुचारु बनाते नजर आए। यातायात व पुलिस कर्मी भी यातायात को सुचारु बनाते रहे।

महिलाएं व युवतियां भी हुई शामिल
धर्मयात्रा के दौरान महिलाएं व युवतियां भी शामिल हुई। जहां एक वाहन पर महिलाएं सिर पर भगवा साफा पहनकर धर्मयात्रा में शामिल हुई वहीं भारत माता की झांकी के वाहन भी युवतियां शामिल रही। वहीं डीजे पर बज रही धुनों पर नाचती गाती युवतियां धर्मयात्रा में शामिल रही। अनेक वाहनों में सवार महिलाएं भी धर्मयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में शामिल रही। एक दुपहिया वाहन पर सवार बालिका जो नाच-गान करती हुई शामिल हुई सभी के आकर्षण का केन्द्र रही।