बीकानेर। बीकानेर शहर व आस पास के ग्रामीणों में चोरों ने जमकर आंतक मचाया है। आये दिन घरों के ताले तोड़कर आभूषण व नगदी पार कर रहे है। ऐसे ही एक मामला सामने आया है। नोखा के मरोठी चौक में रहने वाले जसकरण ब्राह्मण के घर चोरी हुई है। चोर सोने का बोरिया, कानों के टॉप्स, चांदी की पायल सहित नगदी भी लेकर पार हो गए हैं। मरोठी चौक में रामेश्वर बागड़ी के मकान में जसकरण लंबे समय से किराए पर रह रहा है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ पीहर गई हुई थी। गुरुवार को ही वो पत्नी व बच्चों को लेने ससुराल गया था। एक रात ससुराल में रहने के बाद शुक्रवार शाम को नोखा पहुंचा। घर में घुसते ही देखा की सामान अस्त व्यस्त पड़ा है। उसने कीमती सामान संभाला तो आभूषण नदारद थे। जसकरण ने तुरंत पुलिस को फोन किया। इस पर नोखा पुलिस के एसआई मंजीत कौर, एएसआई शौभाग्य सिंह, एएसआई संभुसिंह, एएसआई श्रवण कुमार, कांस्टेबल हेमसिंह मौके पर पहुंचे। पड़ताल करने पर सोने का बोरिया, कानों के टॉप्स, चांदी की पायल और पंद्रह हजार रुपए नगद गायब थे। चोर ये सब अपने साथ ले गया। पुलिस ने मकान के आसपास भी मौका मुआयना किया है। नोखा में पिछले कुछ दिन में चोरियों की घटना बढ़ा है। दो दिन पहले सोमलसर में एक चोर ढाई सौ लीटर डीजल 18 चक्का गाड़ी से निकालकर ले गया। बाइक चोरी की घटनाएं भी नोखा कस्बे में लगातार बढ़ रही है।
वहीं चोरों ने शिवबाड़ी क्षेत्र में चोरों ने एक घर में सेंधमारी की है। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर गए हैँ। घटना का पता चलने के बाद जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने मौके पहुंचकर मुआयना किया। मकान मालिक रामदेव नायक के परिवार में किसी का निधन हुआ था, इसलिए परिजन सभी वहीं थे। शुक्रवार सुबह आकर देखा तो पता चला कि चोर घर का कीमती सामान लेकर चले गए।
रामदेव नायक सुबह जब घर आया तो सामान बिखरा हुआ था और आलमारी खुली पड़ी थी, सार संभाल की तो घर में रखा सोने चांदी का कुछ आभूषण गायब था। कुछ हजार रुपए भी गायब थे। कमरे में सामान पूरी तरह से बिखरा पड़ा था। इस पर तुरंत पुलिस को फोन किया गया। मौके पर आई जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने चोरी हुए सामान की लिस्ट बनाई है। पुलिस ने घर के आसपास के एरिया को भी देखा और पता लगाया कि किस तरफ से चोर आ सकते हैं।
घर में हुई थी मौत
रामदेव के चाचा के परिवार में किसी की जवान मौत होने के कारण सभी वहां गए हुए थे। देर रात होने के कारण कोई भी घर नहीं आया। माना जा रहा है कि इस बात का किसी को पता था कि वो घर पर नहीं है। इसलिए मौका मिलते ही घर में हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।