बीकानेर। संकल्प नाट्य समिति बीकानेर के तत्वावधान में स्व: आनंद वी आचार्य की स्मृति में चल रहे पांच दिवसीय सातवें राज्य स्तरीय नाट्य समारोह के चौथे दिन शुक्रवार को आयोजक संस्था द्वारा अशोक पटोले द्वारा लिखित व दिपांकर चौधरी द्वारा निर्देशित हास्य नाटक दावत ए इश्क का मंचन किया गया। कहानी एक मनचले मिजाज दंत चिकित्सक के आस पास घूमती है जिसकी लड़कियो में तो बहुत दिलचस्पी है लेकिन प्यार में बिल्कुल नहीं। आगे चलकर यही दिलचस्पियाँ दुविधाओं में बदलती जाती हैं तथा हास्य परक स्थितियों को जन्म देती हुई अपने अंजाम पर पहुँचती हैं। चुटीले संवाद तथा गतिशील अभिनय से दर्शक ठहाके लगाते रहे। नाटक में राहुल चावला, महिका महर्षि, आकांशा जावा, प्रियांशु सोनी, दीपांकर चौधरी, काननाथ गोदारा, निमिषा मूंधड़ा, किट्टू सेन ने प्रभावी अभिनय किया। मंच पार्श्व में मंच सज्जा प्रियांशु सोनी , प्रकाश प्रभाव मोईन अहमद तथा कोरयोग्राफर मोहित गहलोत थे। संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी एवं लेखक रवि शुक्ल ने किया । कार्यक्रम प्रभारी प्रदीप भटनागर ने बताया कि समापन के दिन शनिवार को आनंद वि आचार्य के लिखे नाटक सरदार का मंचन वरिष्ठ रंगकर्मी विजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में टाउन हाल में शाम 6.30 पर किया जाएगा।
रंग आनंद अवार्ड कामेश्वर प्रसाद सहल को :-
संस्था के अध्यक्ष विद्यासागर आचार्य ने बताया की शनिवार को समापन पर प्रतिष्ठित रंग आनंद अवार्ड 84 वर्षीय रंग साधक कामेश्वर प्रसाद सहल को अर्पित किया जायेगा। दो सौ से अधिक धुनों के रचियता कामेश्वर प्रसाद सहल माटी री आण, गोगी, अजब गजब में भी संगीत देने के साथ साथ सुर मिलन संस्था के माध्यम से 500 से भी अधिक कार्यक्रम का आयोजन कर चुके हैं ।
