‘राज’ बदला ‘रिवाज़’ नही, अशोक गहलोत ‘रिवाज’ बदलने में रहे नाकाम

जिले में फहराया भगवा, 7 विधानसभा सीटों में से 6 पर भाजपा का कब्जा
जिले के तीनों मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, भंवरसिंह भाटी और गोविन्दराम मेघवाल भारी मतों से हारे
नोखा में कांग्रेस, श्रीडूंगरगढ़, कोलायत, खाजूवाला, लूणकरनसर, बीकानेर पूर्व और बीकानेर पश्चिम में भाजपा

बीकानेर। विधानसभा चुनाव में प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी भगवा फहराया है। जिले की नोखा विधानसभा सीट पर कांग्रेस की सुशीला देवी डूडी ने विजय हासिल की है। इसके अलावा बीकानेर पूर्व से सिद्धिकुमारी, बीकानेर पश्चिम से जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ से ताराचंद सारस्वत, कोलायत से अंशुमान सिंह भाटी, खाजूवाला से डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और लूणकरनसर से भाजपा के सुमित गोदारा ने विजय पताका फहराई है। अशोक गहलोत सरकार में जिले से तीनों मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, भंवरसिंह भाटी और गोविन्दराम मेघवाल भारी मतों के अंतर से चुनाव हार गए हैं। बीकानेर पश्चिम से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. बीडी कल्ला को भाजपा के जेठानंद व्यास ने करीब 20 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। वहीं कोलायत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी भंवरसिंह भाटी को भाजपा के अंशुमानसिंह भाटी ने तकरीबन 33 हजार वोटों से हराया है। इसी प्रकार खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी गोविन्दराम मेघवाल को भाजपा के डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने करीब 17 हजार मतों से हराया है। जिले में सबसे बड़ी जीत कोलायत क्षेत्र से अंशुमानसिंह भाटी की रही है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी ताराचंद सारस्वत ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के प्रत्याशी मंगलाराम गोदारा को करीब आठ हजार वोटों से हराया। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सीपीआईएम के प्रत्याशी गिरधारी महिया तीसरे नंबर पर रहे हैं। लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनाव में चतुष्कोणिय मुकाबला था। जिसमें भाजपा प्रत्याशी सुमित गोदारा ने लगातार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी राजेन्द्र मंूड को तकरीबन 9 हजार मतों से हराया। यहां स्वतंत्र प्रत्याशी प्रभुदयाल सारस्वत तीसरे और कांग्रेस के बागी उम्मीदवार वीरेन्द्र बेनीवाल चौथे नंबर पर रहे। बीकानेर पूर्व विधानसभा सीट पर भाजपा की सिद्धिकुमारी ने लगातार चौथी बार चुनाव जीता, उन्होंने कांग्रेस के यशपाल गहलोत को करीब 19 हजार मतों से हराया। वहीं जिले में सिर्फ एक सीट पर कांग्रेस जीत हासिल कर सकी। नोखा विधानसभा क्षेत्र मेंं कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला देवी डूडी को चुनाव मैदान में उतारा था, जिन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के बिहारीलाल विश्नोई को करीब आठ हजार वोटों से हराया। इस विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्र प्रत्याशी कन्हैयालाल झंवर तीसरे नंबर पर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *