सोशल मीडिया पर हथियारों की मंडी ,जिसे पसन्द आता है उस तक पहुंचती है पिस्टल-मैगजीन

बीकानेर, अब तक आपने सोशल मीडिया पर रेडिमेड कपड़ों या फिर किचन का सामान बिकते ही देखा होगा लेकिन बीकानेर संभाग के सैकड़ों युवा इससे चार कदम आगे हैं। यहां सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश हो रही है और पसन्द आने पर बेचे भी जा रहे हैं। ऐसे ही दो युवकों को बीकानेर की सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर चार पिस्टल बरामद किए हैं। दरअसल, बीकानेर आईजी ओम प्रकाश के निर्देश पर संभाग के सोशल मीडिया एकाउंट्स की छानबीन की गई। इस दौरान छह व्हाट्सएप ग्रुप्स ऐसे मिले, जिसमें गन कल्चर से जुड़े युवक है। ये युवक एक दूसरे को हथियारों के बारे में जानकारी देते हैं। पिस्टल और मैगजीन सहित कई हथियारों के बारे में जानकारी देते हैं। जिसको भी ये हथियार पसन्द आते हैं, उससे संपर्क करके हथियार की डिलीवरी भी की जाती है। पुलिस ने इस सोशल मीडिया एकाउंट्स को ही सर्विलांस पर रख दिया है। यहां होने वाली सभी हरकतों पर नजर रखी जा रही है। बीकानेर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, ये दोनों युवा तस्कर हथियारों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म की मदद लेकर बेचने की फिराक में थे। उन्हें लगा कि इन हथियारों को डिमांड के अनुसार ऊंचे दामों पर बेचा जा सकता है। पुलिस ने पलाना निवासी संजय कड़वासरा और पवन सिहाग को गिरफ्तार किया है। संजय कड़वासरा और पवन सिहाग के कब्जे से चार पिस्टल, पांच मैगजीन व 13 कारतूस बरामद हुए हैं।

अलग अलग जगह से पकड़ा

एएसपी सिटी अमित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को अलग अलग जगह से पकड़ा है। पवन सिहाग को 38 नंबर कोठी के पास पकड़ा। उसके पास से तीन पिस्टल, चार मैगजीन व 11 कारतूस बरामद हुए हैं। इसी प्रकार संजय कड़वासरा को करणी सिंह स्टेडियम के पास से एक पिस्टल मय मैगजीन व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। सियाग के खिलाफ जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में लूट और देशनोक में आर्म्स एक्ट में केस दर्ज है। दोनों आरोपी देशनोक और श्रीडूंगरगढ़ में भी हथियार बेच चुके हैं। हथियारों के संबंध में आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यहां किसे हथियार बेचने की तैयारी कर रहे थे।

पहले भी बेच चुके हथियार

इससे पहले पवन सिहाग ने अप्रैल में बरसिंगसर के बजरंग गोदारा को पिस्टल बेची थी। दोनों को देशनोक पुलिस ने उसी दिन जेगला फांटा से गिरफ्तार किया था। वहीं संजय कड़वासरा ने तीन महीने पहले श्रीडूंगरगढ़ में सोनियासर गांव के हजारी राम महिया व तोलाराम को एक पिस्टल बेची थी। जिसे श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास चार कारतूस भी मिले हैं।

ये टीम कर रही कार्रवाई

ऑपरेशन वज्र के तहत एसपी योगेश यादव ने निर्देश पर सीओ सदर पवन भदौरिया, सदर थाना प्रभारी सत्यनारायण गोदारा की टीम ने यह कार्यवाही की है। टीम में एएसआई जीतराम, हनुमंत सिंह, हैड कांस्टेबल लक्ष्मण नेहरा, साहब राम डूडी, कांस्टेबल सुरेंद्रसिंह, जगदीश, अशोक, देबुराम, राजे, भगवानाराम, मनोज भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *