oplus_1024

बीकानेर, 26 नवंबर।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में दो ‘सखी महिला स्वच्छता गृह’ (पिंक बस) महिलाओं को समर्पित किए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए उनके सम्मान और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। बीकानेर में नगर निगम द्वारा यह प्रयास अनुकरणीय है। पिंक बसों के माध्यम से धात्री महिलाओं को स्तनपान की सुविधा और सैनिटरी नेपकिन जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। यह नवाचार प्रदेश और देश के लिए मिसाल बनेगा।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वच्छता मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि यह पिंक बसें महिलाओं की सुविधा और आत्मसम्मान के लिए एक क्रांतिकारी कदम हैं। उन्होंने सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि ये स्वच्छता गृह साफ-सुथरे बने रहें।

महापौर श्रीमती सुशीला कंवर राजपुरोहित ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिंक बसें महिलाओं के लिए उनके सर्वोच्च लक्ष्य का हिस्सा थीं। इस अवसर पर विधायकों, नगर निगम आयुक्त, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम के अंत में फीता काटकर ‘सखी महिला स्वच्छता गृह’ का उद्घाटन किया गया।