भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खन्ना ने मोबाइल मैंबरशिप वैन को किया रवाना

बीकानेर। संगठन पर्व सदस्यता अभियान के तहत भाजपा प्रदेश आईटी विभाग द्वारा संचालित मोबाइल मैंबरशिप वैन को सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने गांधी पार्क के पास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्री खन्ना ने कहा कि भाजपा, विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। इसे देश के प्रत्येक कौने में और अधिक मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके प्रति आमजन के अपार स्नेह को देखते हुए इसकी अवधि को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में आज देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।

आज दुनिया हमारी ओर देख रही है। इसके लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भी बधाई का पात्र है। उन्होंने आईटी विभाग द्वारा किए गए नवाचार को सराहनीय बताया तथा कहा कि विभाग द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी का समुचित उपयोग करते हुए जन-जन तक पार्टी की रीति-नीति को पहुंचाने का कार्य किया गया है। आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने बताया कि 4 अगस्त को जयपुर से रवाना हुई वैन पांच हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर बीकानेर पहुंची।

उन्होंने बताया कि वैन द्वारा बीकानेर शहर के चार मंडल क्षेत्रों में वैन द्वारा 746 नए सदस्य बनाए गए। भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने बताया कि आमजन में भाजपा के सदस्यता अभियान के प्रति उत्साह है तथा प्रतिदिन नए सदस्य पार्टी से जुड़ रहे हैं। इस दौरान महापौर नारायण चौपड़ा, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक मोहन सुराणा, सहसंयोजक अनिल शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अशोक बोबरवाल, जिला मंत्री दीपक पारीक, जस्सूसर मंडल अध्यक्ष विजय उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *