बीकानेर. प्रदेश में राज्य पशु ऊंट की घटती तादाद को लेकर सीमा सुरक्षा बल ने गुरुवार को बीकानेर में कैमल सफारी का आयोजन किया। बीएसएफ ने सजे-धजे ऊंटों की रैली से ऊंट बचाने का संदेश दिया। कैमल सफारी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी शामिल हुए। उन्होंने हाथ में तिरंगा थाम ऊंट की सवारी की। बीएसएफ डीआइजी पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि ‘सेव केमल की थीम पर इस रैली का आयोजन किया गया। यह प्रदेश का राज्य पशु है। जिसे बीएसएफ संरक्षित रख रही है। गौरतलब है कि पत्रिका ने 21 जुलाई के अंक में जहां देश का इकलौता ऊंट अनुसंधान केंद्र, वहीं डूब रहा ‘जहाज शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर देश में ऊंटों की आबादी में सर्वाधिक गिरावट बीकानेर में होने का खुलासा किया था।

मंत्री मेघवाल ने दिखाई हरी झंडी

इस अवसर पर बाइक रैली भी निकाली गई। जिसे केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाई। रैली में मंत्री ने भी कुछ किलोमीटर तक स्कूटी चलाकर जवानों का हौसला बढ़ाया। ऊंटों को बचाने तथा आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहीदों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई। जो सीमावर्ती इलाकों में जाकर ऊंट बचाने तथा देश के वीरों के बलिदान को आमजन तक पहुंचाने का संदेश देगी। बाइक रैली में 87 बीएसएफ व वायुसेना के जवानों तथा ऊंट रैली में 55 ऊंटों का दस्ता शामिल हुआ। यह रैली शहर के अनेक मार्गों से होती हुई सीमावर्ती क्षेत्रों में पहुंचेगी। काबिलेगौर है कि इस रैली में खुद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल शामिल हुए। पहले उन्होंने ऊंट पर तिरंगे के साथ सवारी की और उसके बाद बीएसएफ की बाइक रैली में दोपहिया वाहन पर थोड़ी दूर तक उनका साथ भी दिया।