बीकानेर : जलालाबाद बम कांड के मुख्य आरोपी को बीकानेर में पकड़ा, पढ़े खबर

बीकानेर. पिछले साल जलालाबाद में हुए बमकांड का मुख्य आरोपी बीकानेर में पकड़ा गया है। आरोपी जामसर थाना क्षेत्र के खारा गांव में छिपा हुआ था। पंजाब पुलिस, जामसर एवं डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार शाम आरोपी को दबिश देकर पकड़ा। पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस से जलालाबाद बमकांड के आरोपी के संबंध में इनपुट मिला था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर अमित कुमार बुड़ानिया के नेतृत्व में डीएसटी व जामसर पुलिस को अलर्ट किया। पंजाब पुलिस के पहुंचने के बाद हथियारों से लैस होकर जामसर पुलिस व डीएसटी ने खारा गांव में दबिश दी। टीम ने यहां से पंजाब के फ़िरोज़पुर जिला निवासी गुरुचरण सिंह उर्फ चन्ना पुत्र फुमन सिंह को पकड़ा है। आरोपी एवं जिसके साथ यहां रह था उसे भी हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

दो लाख का इनामी

आरोपी गुरुचरण पर नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी ने दो लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। पिछले कई महीनों से आरोपी को पुलिस तलाश कर रही थी। जिला पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि आरोपी जामसर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ डीएसटी के सहयोग से खारा व आसपास के गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब छह घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपी पकड़ा गया।

हुलिया व नाम बदल कर रह रहा था
आरोपी नाम व हुलिया बदल कर यहां खारा में रह रहा था। आरोपी मैकेनिक होने के कारण एक फ़ैक्ट्री में काम करने लगा। आरोपी की गतिविधि संदिग्ध होने पर वह पकड़ा जा सका। आरोपी बीकानेर कब आया था और वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा, पुलिस इसका पता लगा रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में जामसर एसएचओ इन्द्रकुमार, सीआइ मनोज शर्मा, साइबर सेल के हेडकांस्टेबल दीपक यादव, अब्दुल सत्तार, दिलीपसिंह, कांस्टेबल लखविन्द्र सिंह, देवेन्द्र कुमार, सूर्यप्रकाश, महेन्द्रसिंह व पंजाब पुलिस के उपनिरीक्षक अरविन्द्र पाल सिंह, फाजिल्का एसएचओ सतेन्द्रदीप सिंह कराड़ सहित सात जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *