नोखा, तहसील के बंधाला गांव में शुक्रवार सुबह गाय को चारा डालने गई महिला पर सियार ने हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर परिजन दौड़कर पहुंचे तो सियार भाग गया। घायल महिला को पहले नोखा और वहां से पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। बंधाला गांव की सरोज 48 पत्नी भंवरलाल बिश्नोई शुक्रवार सुबह घर के बाड़े में बंधी गाय को चारा डालने गई थी। सरोज की देवरानी ने बताया कि तभी सियार ने वहां छोटे बछड़े पर हमला किया। तब वह पास थी। वह उसे छुड़ाने गई तो उसने सरोज पर हमला कर दिया। सरोज के चेहरे को अपने जबड़े में जकड़ लिया। वह चिल्लाई तो घर के लोग लाठी लेकर दौड़े। तब सियार महिला को छोड़कर भाग गया। महिला को लहूलुहान हालत में पहले नोखा और वहां से पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर आए। ट्रोमा सेंटर सीएमओ डॉ. एलके कपिल, डॉ. राजेश, ईएमटी भवानीशंकर टाक, भूपेन्द्र भाटी व इन्द्रा ने महिला के चेहरे पर टांके लगाए। चिकित्सक के मुताबिक सियार ने महिला के ठोडी के दोनों तरफ के हिस्से पर घाव बना दिया। दोनों तरफ करीब 25 टांके लगाए हैं।