बीकानेर। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, बीकानेर महानगर की ओर से बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में सोमवार, 23 दिसंबर 2025 को एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे कोटगेट पर होगा, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
बजरंग दल के महानगर संयोजक बजरंग तंवर ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समाज के लोगों के साथ हो रही निर्मम और अमानवीय हत्याएं अत्यंत निंदनीय हैं। दीपु दास सहित कई हिंदुओं की नृशंस हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, ताकि पीड़ित हिंदू समाज के प्रति एकजुटता प्रकट की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के विरोध में नहीं है, बल्कि हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ जनआक्रोश व्यक्त करने का माध्यम है। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस विरोध प्रदर्शन में भाग लें और पीड़ित हिंदू समाज के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करें।
