देवेन्द्रवाणी न्यूज़,बीकानेर। प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश में पिछले पांच दिन से आसमान से बरस रही आग से लोगों का हाल बेहाल है। प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में शनिवार को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। बाड़मेर,जैसलमेर,बीकानेर,श्रीगंगानगर,चूरू और फलौदी जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। चूरू में तो दोपहर में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी जयपुर में शनिवार को तापमान 44 डिग्री पार पहुंच गया।

मौसम विभाग ने 18 से 22 मई के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यही नहीं 18 और 19 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में रात में भी मौसम गर्म रहने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में लू चलने और भीषण गर्मी का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले 5 दिनों के दौरान राजस्थान में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवा की रफतार 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

IMD ने ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा है कि अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी जारी रहेगी। इसका सबसे अधिक असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पर पड़ने वाला है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को भीषण गर्मी देखी गई। आईएमडी ने शनिवार को अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है। वहीं देश के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के दौरान भीषण गर्मी का पूर्वानुमान जताया है।