अब 16 से सताएगी गर्मी,उत्तरी हवाओं से आई सर्दी

जयपुर। उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के असर से देश के उत्तरी हिस्सों में बर्फबारी हुई है और उसका असर राजस्थान में भी नजर आया है। सर्द हवाएं चलने से शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों का दिन का पारा कम हुआ है। हालांकि तापमान अब भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। शनिवार को दस से ज्यादा जगहों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में आज सुबह आसमान साफ रहा। आज सुबह यहां का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।
आगामी दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में धीरे-धीरे सर्दी कम हो रही है, लेकिन अभी भी सुबह-शाम ठंडी हवाओं चलने से सर्दी का असर बना हुआ है। आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। उत्तरी हवाओं का असर राजस्थान में 15 फरवरी तक रहेगा। 16 फरवरी से राज्य में तापमान फिर से बढऩे लगेगा। जिससे बाड़मेर, जोधपुर समेत कई जगहों पर 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है। राजधानी जयपुर में रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम लगभग 26 डिग्री और 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
शेखावार्टी रहा सर्द
शेखावाटी सहित प्रदेश के कई जिलों में बीती रात ओस गिरने से शनिवार सुबह सर्दी रही। कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। दिन में तेज धूप के कारण लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री से अधिक पहुंच गया, वहीं शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जालोर में 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में भी दिन के तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 28.6 व न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम बीमारियों का प्रकोप
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने के कारण लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। आम तौर पर गर्मी का सीजन मार्च से सितम्बर माह तक होता है लेकिन इस बार फरवरी के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। फरवरी की शुरुआत में सामान्यत: न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 17 से 20 डिग्री तक का अंतर रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *