बीकानेर : खाने का बहिष्कार छोड़ माने बंदी, प्रशासन ने ली राहत की सांस, पढ़े खबर

बीकानेर. बीकानेर जेल में पिछले दो दिनों से बंदियों और प्रशासन के बीच चल रही तनातनी गुरुवार को खत्म हो गई। बंदियों के साथ जेल प्रशासन की तीन दौर की वार्ता हुई, जिसमें बंदी मान गए और उन्होंने दोपहर को खाना खाया। इसके बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वरन ने बताया कि जेल में बंदियों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े के बाद जेल में सर्च अभियान चलाया गया, जिसका बंदियों ने विरोध किया। इस पर बंदियों पर कुछ सख्ती बरती गई, जिससे वे नाराज हो गए। बंदियों ने जेल के खाने का बहिष्कार कर दिया। बंदियों ने दो समय का खाना नहीं खाया। हालांकि, वे नमकीन व बिस्किट खा रहे थे। गुरुवार सुबह बंदियों के साथ अंतिम दौर की वार्ता की गई, जिस पर वे मान गए और उन्होंने दोपहर में खाना खा लिया।

सख्ती दिखाई, तो नरम पड़े बंदी

जेल सूत्रों की मानें, तो जेल में बंदियों ने औचक निरीक्षण का विरोध किया। इस पर जेल प्रशासन ने सख्ती दिखाई। बंदियों ने सख्ती के विरोध में खाने का बहिष्कार कर दिया। दो समय तक खाना नहीं खाया। गुरुवार को जेल प्रशासन ने और सख्ती करने की ओर इशारा किया, तो बंदी मान गए और उन्होंने दोपहर का खाना भी खा लिया। जेल अधीक्षक के मुताबिक बंदियों ने भविष्य में जेल प्रशासन की ओर से किए जाने वाले औचक निरीक्षण आदि में सहयोग करने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *