स्पोर्ट्स डेस्क। ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे के हाथों 2-1 से मिली हार के बाद भावुक नेमार ने राष्ट्रीय टीम के साथ अपने सफर को समाप्त करने का ऐलान किया।
34 वर्षीय नेमार ने मैच के बाद कहा कि उन्होंने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की पूरी कोशिश की और अब उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया है। खास बात यह रही कि उन्होंने जिस स्टेडियम में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी, उसी मैदान पर उनका आखिरी मुकाबला भी खेला गया।
ब्राजील को टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन नॉर्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया। मुकाबले में ब्राजील की ओर से एकमात्र गोल नेमार ने पेनल्टी के जरिए किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
नेमार का अंतरराष्ट्रीय करियर उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने ब्राजील के लिए 129 मुकाबलों में 80 गोल दागे और देश के पुरुष फुटबॉल इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने महान खिलाड़ी पेले के आधिकारिक गोल रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
हालांकि, विश्व कप जीतने का उनका सपना अधूरा ही रह गया। 2014 में चोट, 2018 में क्वार्टर फाइनल से बाहर होना, 2022 में पेनल्टी शूटआउट में हार और अब 2026 में नॉर्वे के खिलाफ मिली हार ने उनके विश्व कप सफर का अंत कर दिया।
विश्व कप ट्रॉफी भले ही उनके हाथ नहीं लगी, लेकिन 2013 फीफा कन्फेडरेशन कप और रियो 2016 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर नेमार ने ब्राजील फुटबॉल के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनके संन्यास के साथ ब्राजील फुटबॉल के एक सुनहरे अध्याय का समापन माना जा रहा है।
