जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दिवसीय राजस्थान दौरे के दौरान जोधपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दिए जाने पर आभार व्यक्त किया।
अविनाश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए दौर की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश में आधारभूत संरचना को मजबूत करने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राजस्थान रिफाइनरी परियोजना, जयपुर मेट्रो फेज-2 तथा जोधपुर एयरपोर्ट के विस्तार जैसी योजनाएं प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देंगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी और पर्यटन व व्यापार को नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है तथा जनकल्याण और सुशासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के विकास को और अधिक गति देगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के माध्यम से 54 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं, जो सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अंत में अविनाश जोशी ने प्रधानमंत्री के सफल राजस्थान प्रवास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
