बीकानेर में बढ़ेगी सर्दी, लगातार दूसरे दिन तापमान में आई गिरावट

बीकानेर। बीकानेर में तापमान में गिरावट का दौर दूसरे दिन भी जारी है। बीकानेर में दिन का तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। जबकि रात के पारे में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि रात में हवाएं तेज होने से सर्दी अब बढ़ती जा रही है।

बीकानेर में पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आमतौर पर इन दिनों में तापमान 28 डिग्री के आसपास रहता है। वहीं, न्यूनतम तापमान सोलह डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों की तुलना में ये बढ़ोतरी एक डिग्री सेल्सियस की है लेकिन सामान्य दिनों में दिसम्बर के पहले सप्ताह में बीकानेर में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। स्पष्ट है कि पिछले साल की तुलना में अब तक सर्दी का असर कम है। हालांकि बीकानेर में तापमान में बढ़ोतरी के बाद भी सर्दी का अहसास बना हुआ है। ठिठुरन जैसे हालात अब तक नहीं बने हैं। इसके बाद भी बीकानेर में परकोटे के भीतर रात की धुणी जलनी शुरू हो गई है।

बीकानेर के अलावा संभाग के श्रीगंगानगर में भी दिन का पारा सामान्य से कम है जबकि रात का पारा इन जिलों में भी सामान्य से ज्यादा है। चूरू में रात का तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह श्रीगंगानगर में रात का पारा 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ये भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *