बीकानेर। शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र स्थित जयपुर रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सड़क पर जा रहे एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के दो टुकड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क पर चार से पांच बार पलट गई। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
