बीकानेर। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर संभाग द्वारा 11 जुलाई को कपिल धारा में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर संभाग के अध्यक्ष खुशाल पारीक ने बताया कि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। उनके कार्यक्रम की पुष्टि होने के बाद होटल एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है।
समारोह के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर संभाग की नवगठित कार्यकारिणी का विधिवत शपथ ग्रहण कराया जाएगा। आयोजन में होटल एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े गणमान्य नागरिक, होटल व्यवसायी, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बीकानेर के संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने विश्वास जताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा और प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बीकानेर के होटल एवं पर्यटन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर साबित होगा तथा इससे पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
