‘डॉन 3’ को लेकर बढ़ा विवाद, अब सलमान खान ने संभाली कमान

मुंबई। बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर बड़ा विवाद चर्चा में बना हुआ है। अभिनेता रणवीर सिंह द्वारा फिल्म छोड़ने के बाद मामला काफी बढ़ गया था, लेकिन अब खबर है कि सुपरस्टार सलमान खान ने इस विवाद को सुलझाने की पहल की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सलमान खान ने फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर और अभिनेता रणवीर सिंह दोनों से बातचीत की है। बताया जा रहा है कि सलमान ने दोनों पक्षों को समझाया कि इंडस्ट्री में क्रिएटिव डिफरेंस होना आम बात है और इसे आपसी बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने दोनों से अपने-अपने प्रोजेक्ट्स के भविष्य को नुकसान न पहुंचाने की सलाह दी।

दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने अचानक फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक शूटिंग शुरू होने से महज तीन हफ्ते पहले रणवीर ने फिल्म छोड़ दी, जिससे फिल्म की पूरी यूनिट और निर्माता पक्ष को बड़ा झटका लगा। इसके बाद फरहान अख्तर ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

FWICE ने रणवीर सिंह को तीन नोटिस जारी किए, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके खिलाफ बैन लगाने की जानकारी दी गई। अब सलमान खान की पहल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों के बीच का विवाद जल्द खत्म हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *