भाजपा ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

भाजपा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। - Dainik Bhaskar

बीकानेर, प्रदेश सरकार के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने बीकानेर में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने पहले पैदल मार्च निकाला। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला जलाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय में बाहर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई। बेरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। इस ज्ञापन में भी सरकार को आम आदमी का विरोधी बताया गया।

शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार पूरी तरह से आम आदमी के खिलाफ हो गई है। भामशाह स्वास्थ्य बीमा योजना को बंद करके सरकार ने आम आदमी के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा कि सरकार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए संघर्ष कर रही है।

इस दौरान बीकानेर से कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में देहात अध्यक्ष ताराचंद सारस्वत, पूर्व शहर अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, युवा नेता अशोक प्रजापत, पार्षद अरविन्द आचार्य, गोकुल जोशी, मनीष आचार्य आदि भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *