देवेन्द्रवाणी न्यूज़, बीकानेर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में सर्दी ने रंगत खो दी है। दिन में तेज धूप के कारण सर्दी का असर न के बराबर रहा। वहीं सूर्यास्त के बाद भी हवा नहीं चलने के कारण सर्दी नहीं रही। ऐसे में लोगों ने दिन में स्वेटर उतार दिए। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि की अभी सर्दी की आमद बनी हुई है।

मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्रों में एक प्रेरित परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। इसके असर से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी भागों में 12-13 जनवरी को बादल छाए रहेंगे। हालांकि मावठ होने के आसार नहीं है।

बीकानेर से आएगी सर्दी
14 जनवरी से राज्य के अधिकतर भागों में एक बार पुनः उत्तरी हवा के प्रभावी होगी। जिससे शीतलहर चलेगी और न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट होगी। शीतलहर का दौर नया बीकानेर सम्भाग से शुरू होगा। 15 जनवरी से शीतलहर की तीव्रता में बढ़ोतरी होगी। बीकानेर, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के अधिकतर भागों में तीव्र शीतलहर चलेगी। कुछ स्थानों पर तापमान माइनस में भी जा सकता है।

हाड़ौती में बादल छाए, घना कोहरा
हाड़ौती अंचल में विक्षोभ के असर से हल्के बादल छाए रहे। धूप का असर कम रहा। शाम ढलने के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। बूंदी में घना कोहरा छाया रहा। बादलों के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। कोटा में अधिकतम तापमान 26.6 व न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहा। वहीं, शेखावाटी में भी बादलों से तापमान बढ़ गया और लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ निजात मिली। कई जगह आंशिक कोहरा भी छाया। दिन निकलने के साथ धूप में तेजी रही। जयपुर में भी धूप में तेजी रही। यहां अधिकतम तापमान 25.0 व न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।