बीकानेर। सुबह से उमड़-घुमड़ रहे बादलों ने गुरुवार को फुहारों के साथ मौसम का रुख ही बदल दिया। रेगिस्तान में आमतौर पर मई जून की बारिश हवाएं उड़ा ले जाती है और मिट्‌टी उड़कर आंधी का रूप ले लेती है। गुरुवार की सुबह सुहानी रही क्योंकि मिट्‌टी उड़ने से पहले बादलों ने पानी का अच्छा खासा छिड़काव कर दिया। सुबह से दोपहर एक बजे तक सूर्यदेव बादलों की ओट में ही रहे।ऐसे में मई में सावन सा अहसास हो रहा है, भले ही बारिश की गति बहुत मंद है।

मौसम विभाग ने भी अगले दो घंटे तक बारिश होने की चेतावनी दी है। सुबह आठ बजे से बीकानेर शहर में रिमझिम शुरू हो गई थी। इससे पहले आसपास के रेगिस्तान में बारिश होने से मिट्‌टी की सौंधी सी महक रही। बीकानेर शहर के अलावा गजनेर, नाल व जैसलमेर मार्ग पर बारिश हुई है। गजनेर में करीब दो घंटे तक रुक रुककर बारिश होती रही। गांव में सड़कों पर जगह जगह पानी एकत्र हो गया। वहीं इस पूरे क्षेत्र में मौसम खुशनुमा हो गया है। दोपहर तक भी बादलों के गड़गड़ाने की आवाज आती रही, हालांकि जितने बादल गरज रहे थे, उतने बरस नहीं रहे थे। मौसम विभाग ने बीकानेर में दिनभर रिमझिम जारी रहने की चेतावनी जारी की है। बीकानेर के अलावा सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर व जैसलमेर में भी सामान्य बारिश से राहत बरस सकती है।