
नोखा। विप्र सेना नोखा द्वारा मार्गशीर्ष मास की अमावस्या पर गौ सेवा के तहत श्री कृष्ण वासुदेव गौशाला रोड़ा में गोवंश को गुड़ और हरी सब्जियां खिलाई गईं। इस पुनीत कार्य में सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश का भी ध्यान रखा गया।
विप्र सेना के बीकानेर संभाग उपाध्यक्ष पुखराज शर्मा ने बताया कि गौ सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। उन्होंने कहा कि गौ माता में 33 कोटी देवी-देवताओं का वास होता है और भूखे प्राणी को भोजन कराना सभी कष्टों का नाश करता है। शर्मा ने गौ सेवा को नियमित रूप से अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने गौशाला में उपस्थित गोवंश के लिए गुड़ और हरी सब्जियों की व्यवस्था की। सेवा कार्य के दौरान क्षेत्र के विभिन्न जनसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में तहसील उपाध्यक्ष कानाराम शर्मा, पंडित राधेश्याम शर्मा, मालचंद सारस्वत, रणजीत सिंह दावा, आसुसिंह, महेश सिंह भादला, किशन, विकास गोयल और अन्य कई विप्र सेना के सदस्य उपस्थित रहे।
गौ सेवा के प्रति विप्र सेना के इस प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। संगठन का कहना है कि ऐसे सेवाभाव से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और धर्म की भावना प्रबल होती है।