बीकानेर । कुंड में गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई।  प्राप्त जानकारी के अनुसार आरके पुरम निवासी दो बच्चे व एक महिला कुंड में गिर गए, जिससे दो बच्चों की मौत हो गई, वंही महिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची। सुरजाराम सुथार के घर की घटना बताई जा रही है। बच्चों की उम्र पांच व तीन साल है।

दरअसल, आरकेपुरम में रहने वाली बेबी अपने घर से महज तीन सौ मीटर दूरी पर स्थित अपनी ननद के घर पर रात में रहती थी। ननद अस्वस्थ होने के कारण वो रात को ननद के घर आती और सुबह वापस अपने ससुराल चली जाती थी। बेबी का पति पूना में मजदूरी करता है, वहीं रहता है। शुक्रवार रात भी बेबी अपने दोनों बच्चों रौनक और देवकिशन के साथ ननद के घर गई थी। शनिवार सुबह वो ननद के घर के बाहर बैठी थी। दोनों बच्चे भी वहीं खेल रहे थे। घर के बाहर बने कुंड का गेट खुला था। खेलते खेलते एक के बाद एक बच्चा इस कुंड में गिर गए। बेबी ने उनको गिरते देखा तो पहले हल्ला किया और फिर खुद भी कुंड में कूद गई। वो अपने बच्चों को नहीं बचा सकी लेकिन हल्ला करने पर एकत्र हुए लोगों ने बेबी को बचाकर बाहर निकाल लिया। बाद में स्थानीय लोगों ने कुंड में घुसकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे। घटना की जानकारी मिलने पर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर, नोखा सीओ नेम सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अब बच्चों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

कुछ दिन पहले ही गया था पिता

दोनों बच्चों का पिता तेजाराम सुथार कुछ दिन पहले ही मजदूरी के लिए पूना गया था। अब उसे सूचना देकर वापस बुलाया गया है। तेजाराम के दो ही बच्चे थे और दोनों की शनिवार को मौत हो गई।