देवेन्द्रवाणी न्यूज,बीकानेर। रानी बाजार रेलवे क्रासिंग के नीचे अंडर ब्रिज बनाने के लिए शुक्रवार को बीकानेर ईस्ट रेलवे स्टेशन पर कई रेलों को रोका जाएगा। दरअसल, रानी बाजार क्रासिंग से इस तरफ न तो रेल आएगी और न ही इस तरफ से कोई रेल जाएगी। ऐसे में कई रेलों का मार्ग भी बदला गया है। रेलवे ने अण्डर ब्रिज के निर्माण के लिए ट्रेफिक ब्लॉक लगाने के लिए संबंधित फर्म को समय दिया है। इस अवधि में आने वाली रेल गाडिय़ां बाधित होगी। नई दिल्ली के सराय रोहिला से गुरुवार रात रवाना होकर तीस दिसम्बर को सुबह पहुंचने वाली गाडी संख्या 12457 (दिल्ली सराय-बीकानेर एक्सप्रेस रेलसेवा) का अंतिम स्टेशन बीकानेर ईस्ट ही होगा। इसी प्रकार गाडी संख्या 14718 (हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस रेलसेवा) जो गुरुवार को हरिद्वार से रवाना होगी। वह भी शुक्रवार को बीकानेर ईस्ट स्टेशन पहुंचेगी। इन दोनों गाडिय़ों से बीकानेर आ रहे यात्रियों को बीकानेर ईस्ट से बीकानेर स्टेशन तक लाने के लिए व्यवस्थाएं की गई है। बीकानेर रेल मंडल ने बीकानेर ईस्ट से बीकानेर स्टेशन तक यात्रियों को लाने के लिए बसों की व्यवस्था की है। बीकानेर ईस्ट स्टेशन पर इसकी जानकारी एनाउन्समैंनट से लगातार की जाएगी। बीकानेर ईस्ट ‍स्टेशन पर पर्याप्त रेलवे सुरक्षा बल सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। रेलवे बीकानेर मंडल के अधिकारी व कर्मचारी व्यवस्था की देख-रेख हेतु मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं यात्रियों की सुविधा के लिए कुलियों की व्यवस्था भी की गई है।