देवेन्द्रवाणी न्यूज,बीकानेर। बीकानेर के चर्चित मोनालिसा हत्याकांड में पुलिस ने दो और गिरफ्तारी की है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंगलवार को पुलिस ने एक वकील और एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है, जिन्हें आज ही अदालत में पेश किया जाएगा।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में मुकेश धौलपुरिया नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जिसने प्रॉपर्टी के कागजात बनाने में भवानी सिंह का सहयोग किया था। इन कागजों में गड़बड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। इसी आधार पर मुकेश धौलपुरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मोनालिसा के डेथ सर्टिफिकेट में गड़बड़ी के मामले में वकील नवल धवल को गिरफ्तार किया गया है। नवल आज सुबह कोर्ट आए थे लेकिन वहीं से पुलिस उसे उठाकर ले गई। जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। डेथ सर्टिफिकेट में क्या गड़बड़ी की गई और नवल धवल में उसका क्या योगदान रहा? इस बारे में स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस छानबीन के बाद ही इस बारे में जानकारी देगी।
अब तक चार गिरफ्तारी
मोनालिसा हत्याकांड के मामले में पुलिस अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिसमें मुख्य अभियुक्त के तौर पर भवानी सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सबूत मिटाने के मामले में भवानी सिंह के दोस्त जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिसकी बाद में जमानत हो गई। हालांकि जितेंद्र को पुलिस ने 151 में गिरफ्तार किया था। अब मुकेश धौलपुरिया और एडवोकेट नवल धवल को गिरफ्तार किया है।
क्या है मामला?
बीकानेर में जयपुर रोड पर चर्च के पास स्थित जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसी जमीन की खरीद और कागजात तैयार करने के मामले में मोनालिसा की हत्या का आरोप है। आरोप है कि भवानी सिंह ने मोनालिसा के साथ शादी करके उसकी हत्या कर दी। मौत के बाद बिना परिजनों के बताये उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मौत से जुड़े अलग अलग बयान के चलते उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।