फर्जी रसीद से राम मंदिर के लिए वसूली कर रहा था युवक

उदयपुर,

अयोध्या में भले ही अभी राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ। लेकिन राम मंदिर निर्माण के नाम पर फर्जीवाड़ा करके वसूली का खेल शुरू हो गया। उदयपुर में गुरुवार को चौंकाने वाला एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां फर्जी रसीद बुक से मंदिर निर्माण के नाम पर पैसे वसूल रहे एक युवक को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा है। आरोपी युवक शहर के स्थानीय संगठन केसरिया हिंदू परिषद का कार्यकर्ता है। मामला सामने आने के बाद विहिप ने केसरिया हिंदू परिषद के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।

विश्व हिंदू परिषद के महानगर प्रमुख अशोक प्रजापत ने गुरुवार बताया कि कार्यकर्ताओं ने एक युवक को सुखेर इलाके में राम मंदिर निर्माण के नाम पर धन संग्रह करते पकड़ा है। केसरिया हिंदू परिषद का कार्यकर्ता बताए जा रहे इस युवक के पास से रसीद बुक और अन्य दस्तावेज भी जब्त करके पुलिस को सौंपे हैं। प्रजापत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में राम मंदिर निर्माण के नाम पर वसूली की खबरें आ रही थीं।

इसके बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने शहर में टोलियां बनाई और फर्जी लोगों को पकड़ने का अभियान चलाया। इसी अभियान के तहत गुरुवार को एक युवक पकड़ा गया। इसके बाद से फर्जी रसीद बुक व अन्य दस्तावेज मिले हैं। अब इस मामले की जांच पुलिस कर रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।

इस दौरान अशोक प्रजापत ने यह भी बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए विहिप 15 जनवरी से धन संग्रह अभियान शुरू करेगी। यह 30 जनवरी तक चलेगा। इस अभियान के तहत राम मंदिर निर्माण में आमजन से सहायता लेगी और उसके बदले उन्हें रसीद भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *