हनुमानगढ़, में कुछ बदमाशों ने लोहे की रॉड और गडासे से लैस होकर साले-जीजा पर हमला कर दिया। हमले में जीजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में आधा दर्जन नामजद और 10-15 अन्य जनों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कराया गया। जानकारी के अनुसार सूरज पुत्र मुनि कामत निवासी वार्ड 44, मुखर्जी कॉलोनी, टाउन ने रिपोर्ट दी कि वह 29 जुलाई को देर शाम करीब 7 बजे झगड़ा संबंधित रिपोर्ट दर्ज करवाकर घर लौटे थे। उसी समय रामबाबू, प्रकाश, दलीप, राजा, बबलू, राजू व 10-15 जने उसके घर में घुस गए। रामबाबू व राजा ने उसके लोहे की रॉड से पीठ व पैर पर हमला किया। इस पर उसने किसी तरह जान बचाकर खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। उसी समय उसका बहनोई राजा मण्डल अपने काम से वापस आ रहा तो गली में ही रामबाबू, राजा व अन्यों ने मिलकर लोहे की रॉड और गडासे से हमला कर दिया। इससे उसके बहनोई का सिर फट गया। इन लोगों ने उसके बहनोई के दोनों हाथ तोड़ दिए। राजा मण्डल बेहोश होकर नीचे गया। तब ये लोग उसे मरा समझकर भाग गए। जाते समय उसे धमकी दी कि उसके सारे परिवार को खत्म करके ही दम लेंगे। इनके जाने के बाद उसने अपने बहनोई राजा मण्डल को अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसके बहनोई का मोबाइल फोन व सोने की चेन भी नहीं मिली। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेशचंद को सौंपी है।