जयपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय भी अब कोरोना की जद में आ गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय आए थे और उसके तुरंत बाद ही उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हड़कंप मच गया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई पीसीसी पदाधिकारियों और कई नेता होम आइसोलेशन में चले गए थे, तमाम नेता अभी भी होम आइसोलेशन में ही हैं।

कई नेताओं की रिपोर्ट आना बाकी
इधर गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने वाले कई नेताओं ने मुख्यमंत्री गहलोत की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वयं भी कोरोना की जांच कराई है। जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है, रिपोर्ट आने तक तमाम नेता होम आइसोलेशन में ही रहेंगे।

पीसीसी मुख्यालय को किया गया सैनेटाइज
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को पूरी तरीके से सैनिटाइज किया गया है। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर समेत तमाम कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। पीसीसी आने वाले आगंतुकों को भी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।

पदाधिकारी अब बच रहे पीसीसी आने से
वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों और अन्य नेता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय आने से बच रहे हैं, जहां अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्मिकों के अलावा अन्य नेता और पदाधिकारी नजर नहीं आते।

मुख्यमंत्री को लेकर भी पदाधिकारियों में चर्चा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर भी प्रदेश पदाधिकारियों में खासी चर्चा है। पदाधिकारियों में चर्चा इस बात की है कि जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया था तो उन्हें प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नहीं आना चाहिए था। गौरतलब है कि बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत कोरोना पॉजिटिव आ गए थे।उसके बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कोरोना की जांच के लिए अपना सैंपल दिया था और उसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने कई लोगों से मुलाकात की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के थोड़ी देर के बाद ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की रिपोर्ट कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी।