बीकानेर में रातभर सन्नाटा सुबह फिर सड़कों पर चहल-पहल, कोई दूध तो कोई अस्पताल के बहाने घर से निकला

बीकानेर। बीकानेर में शुक्रवार को 326 पॉजिटिव केस आए और इसी दिन शाम से राज्यभर में कर्फ्यू लगा दिया गया। इस भयावह आंकड़े और प्रशासन की सख्ती का असर पूरी रात भी नजर नहीं आया। शनिवार सुबह फिर लोग सड़कों पर निकले। कोई दूध लेने के बहाने तो कोई अस्पताल जाने का बोलकर सड़कों पर दौड़ रहा है। बस, दुकानें बंद होने से ही सड़कों पर आवाजाही कम हो पाई है।

शहर में करीब 1600 एक्टिव केस है, इसके बाद भी कोरोना से भय जैसा कुछ नजर नहीं आ रहा है। शनिवार सुबह का दृश्य ऐसा ही नजर आया। यहां दूध लेने निकले पिता के साथ उनका बेटा नजर आया तो अस्पताल जाने के लिए एक बाइक पर तीन लोग दिखाई दिए। सुबह सवेरे से ही पुलिस को अपनी सख्ती दिखानी पड़ी। कोटगेट के आसपास सुबह की पारी में आये पुलिसकर्मियों ने हर आने-जाने वाले से पूछताछ की तो सभी ने अपना कारण गिना दिया।

पुलिस ने कुछ लोगों को तो वापस घर की तरफ रवाना कर दिया। PBM अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन अस्पताल के बाहर दूध-चाय के लिए घूमते रहे। यहां दुकानें बंद होने के कारण इन परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

परकोटे में ज्यादा सख्ती

बीकानेर शहर के परकोटे में इस बार ज्यादा सख्ती दिखाई गई है। जिला कलक्टर नमित मेहता स्वयं पुलिस बल के साथ रात को शहर में घूमे। उनके साथ पुलिस अधिकारी भी शहरभर में घूमे। तेलीवाड़ा, मोहता चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, बारह गुवाड़, नत्थूसर गेट होते हुए शहर की कई छोटी-छोटी गलियों तक पहुंचे। इस दौरे के बाद भी पुलिस की गाड़ियां यहां घूमती रही। ऐसे में शुक्रवार की रात कुछ हद तक लोग घरों के अंदर रहे। शनिवार सुबह इन्हीं चौकों में लोग फिर पाटों पर नजर आए।

कॉलोनियों में भी हालत खराब

बीकानेर की हॉटस्पॉट बन चुकी जयनारायण व्यास कॉलोनी में भी बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर नजर आए। दुकानें बंद होने के कारण ही भीड़ कम कुछ थी। सुबह पांच बजे से लोग यहां सड़कों पर मार्निंग वॉक करते नजर आए। भ्रमण पथ, आंबेडकर सर्किल, सार्वजिनक पार्क में भी लोग भ्रमण करते नजर आए। अंत्योदय नगर के पास जवाहर पार्क में भी लोगों ने सुबह मॉर्निंग वॉक किया। उधर, जिला कलेक्टर ने एक आदेश जारी करके सभी पब्लिक पार्क आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए हैं। इसके बाद भी लोग यहां पहुंच रहे हैं।

नोखावासियाें! सावधान

नोखा में शुक्रवार को 43 पॉजिटिव केस आए, जिसमें नोखा कस्बे के अलावा कुदसू, कक्कू, जोरावरपुरा के रोगी शामिल है। यहां भी शनिवार सुबह सड़कों पर आवाजाही नजर आई। नोखा में समय रहते हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ सकती है। जिले में एकमात्र कस्बा है, जहां रोगियों की संख्या में जबर्दस्त बढ़ोतरी हो रही है। नोखा में शनिवार सुबह मुख्य मार्गों के अलावा अस्पताल के आसपास भी आवाजाही नजर आई।

बीकानेर के हॉट स्पॉट

कांता खतुरिया कॉलोनी, सार्दुलगंज, जयनारायण व्यास कॉलोनी, जयपुर रोड, शिवबाड़ी, वृंदावन एनक्लेव सबसे बड़ा हॉटस्पॉट है, जहां शुक्रवार को 43 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा पवनपुरी, गांधी नगर, शांति विहार, सुदर्शना नगर में भी 29 पॉजिटिव मिले। यह सभी क्षेत्र एक ही हिस्से में है। ऐसे में बड़ा कंटेनमेंट जोन है, जहां अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है।

परकोटे में यहां है खतरा

इस बार परकोटे में पिछली लहर की तुलना में रोगी कम है। फिर भी परकोटे के पारीक चौक, मुंधड़ा चौक, जस्सूसर गेट, बिन्नाणी चौक, धर्मनगर द्वार, नत्थूसर गेट, ढढ्‌ढों का चौक, रांगड़ी चौक, सिंघियों का चौक, सुथारों की गुवाड़ में बड़ी संख्या में पॉजीटिव केस सामने आ रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में भारी सख्ती की जरूरत महसूस हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *