राजस्थान में 10 हजार सेकंड ग्रेड टीचर्स की जल्द भर्ती होगी। RPSC के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों के लिए योग्यता व भर्ती नियमों के लिए चर्चा चल रही है। इस भर्ती में हिन्दी, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित विषय के टीचर्स का चयन होगा। उम्मीद की जा रही है कि सभी पदों के लिए अलग-अलग भर्ती विज्ञापन अगले महीने से निकलने शुरू हो जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम स्वयं इस भर्ती प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राज्य के महात्मा गांधी स्कूल के साथ ही सामान्य स्कूल में भी इनकी नियुक्ति होगी। दरअसल, विभाग का प्रयास है कि राज्य के किसी भी महात्मा गांधी स्कूल में कोई पद रिक्त नहीं रहे।

पीटीआई, लैब असिस्टेंट, लाइब्रेरियन की भी होगी भर्ती
पीटीआई ग्रेड सेकंड के 461 और पीटीआई ग्रेड थर्ड के 420 पदों पर भर्ती के लिए भी प्रयास चल रहा है। साथ ही लैब असिस्टेंट ग्रेड थर्ड के 461 और लाइब्रेरियन के भी 460 पदों पर भर्ती होगी। इन सभी के लिए निदेशालय ने नियम तैयार कर लिए हैं और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को सेकंड ग्रेड, पीटीआई, लैब असिस्टेंट के साथ लाइब्रेरियन की भर्ती के लिए तैयारी निर्देश जारी कर दिए हैं।

50 हजार से ज्यादा टीचर मिलेंगे
नए सत्र में शिक्षा विभाग को 50 हजार से ज्यादा नए टीचर्स मिल सकते हैं। इसमें टीचर्स के तीस हजार पदों पर REET- 21 के माध्यम से भर्ती हो रही है। इसके अलावा 10 हजार कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, दस हजार ग्रेड सेकंड, डेढ़ हजार पदों पर अन्य टीचर्स की भर्ती होगी।