जैसलमेर। सीमांत जिले की किशनगढ़ फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को अनजाने में बम फटने से पशुपालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में उसके एक हाथ का पंजा उड़ गया और दूसरे हाथ तथा पैरों में गंभीर रूप से चोटें आई। इसके बाद घायल को रामगढ़ चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जैसलमेर जवाहिर चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका आवश्यक उपचार किया। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर सीसुब की किशनगढ़ रेंज में दोसुवाला कुआं क्षेत्र में कुटल सिंह पुत्र तगसिंह निवासी सेउवा भेड़-बकरियां चरा रहा था। बताया जाता है कि तारबंदी के पार मवेशियों के चले जाने पर कुटल सिंह उन्हें वापस ला रहा था। इस दौरान उसने वहां पड़े एक जिंदा बम को उठा लिया। इसी बीच वह फट गया तथा कुटलसिंह घायल हो गया। उसके साथी उसे रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जैसलमेर रैफर कर दिया। जवाहिर चिकित्सालय में घायल का उपचार किया जा रहा है। वही घायल के हाथ व पैरों में गहरी चोट आई है वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी सामान्य चोटें आई है।

सिविल एयरपोर्ट के पास संदिग्ध पकड़ा
जैसलमेर। शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक संदिग्ध को सिविल एयरपोर्ट की चारदीवारी के पास से पकड़ा है। जानकारी के अनुसार जियाई गांव के पास एयरपोर्ट की चारदीवारी के पास अनजान व्यक्ति को घूमते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद हुसैन निवासी सकरा, बिहार बताया है। कोतवाल प्रेमदान चारण ने बताया कि गुरुवार को संदिग्ध से संयुक्त पूछताछ की जाएगी।