बीकानेर – बीकानेर जिला उद्योग संघ द्वारा स्थापित आर्ट और संविधान गैलेरी ने शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को एक छत के नीचे प्रदर्शित कर नई पहचान दी है। पद्मश्री से सम्मानित अली गनी ने इस गैलेरी का अवलोकन करते हुए इसे मिनी पर्यटन केंद्र की संज्ञा दी।

इस गैलेरी में बीकानेर के प्राचीन और आधुनिक स्वरूप, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सहित शहर की कला, उद्योग और पर्यटन स्थल फोटो आर्ट के रूप में प्रदर्शित किए गए हैं। संविधान गैलेरी में संविधान निर्माण से जुड़ी विभूतियों की प्रतिमाएं भी लगाई गई हैं, जिससे यह स्थान युवा पीढ़ी के लिए शिक्षा का केंद्र बन गया है।

संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि इस गैलेरी का उद्देश्य बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे अपनी संस्कृति, उद्योगों और परंपराओं से रूबरू हो सकें।