बीकानेर में गर्मी से आंशिक राहत मिली है। दिन के तापमान में गिरावट के बाद मंगलवार रात को पारा चौबीस डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया था लेकिन बुधवार रात तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जबकि रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। एक ही रात में बीकानेर में करीब दो डिग्री सेल्सियस गिरा है, जबकि दिन में भी तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। बुधवार की दोपहर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था, जबकि इससे पहले मंगलवार को ये 39 डिग्री के आसपास रहा। गुरुवार को भी तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहने की उम्मीद की जा रही है। वहीं रात का तापमान अभी और कम हो सकता है। दो दिन बाद गर्मी में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन दिनों पश्चिमी राजस्थान में एक सिस्टम बना हुआ है, जिससे तापमान में कुछ कमी आई है लेकिन ये ज्यादा दिन नहीं चलेगी। बीकानेर के अलावा पश्चिमी राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट आई है। चूरू में अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम 37.9 और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में अगले एक सप्ताह में फिर बढ़ोतरी होने वाली है।