MBS अस्पताल में फिर चले चाकू

कोटा। कोटा संभाग के सबसे बड़े एमबीएस अस्पताल की सुरक्षा भगवान भरोसे है। स्थिति ये है कि अब अस्पताल के वार्ड में भी चाकूबाजी की घटना आम बात हो गई है। देर रात 5-6 लड़के लोहे की पाइप व चाकू लेकर मेल सर्जिकल वार्ड A में घुस गए। वार्ड में भर्ती एक युवक पर हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान भर्ती युवक के साथ मौजूद उसके साथियों और हमलावरों के बीच चाकूबाजी हुई। चाकूबाजी में दोनों पक्ष का एक-एक युवक घायल हो गया।

 

सर्जिकल वार्ड में चाकूबाजी होने से वार्ड में भर्ती मरीज व तीमारदार दहशत में आ गए। सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। नयापुरा पुलिस ने कुछ युवकों को डिटेन किया है। अस्पताल में डेढ़ महीने में चाकूबाजी की यह दूसरी ​​​​​घटना है।

 

 

 

नयापुरा थाना ASI मुकेश कुमार ने बताया कि 15 दिन पहले आकाशवाणी कॉलोनी में दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में बंटी प्रजापत घायल हुआ था। तभी से बंटी एमडीएम अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड A में भर्ती था। उसके साथ कुछ युवक मौजूद थे। रात को बंटी को मारने 5-7 लड़के आए। इस दौरान वार्ड में ही दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। चाकूबाजी में एक पक्ष का मनीष चड्ढा व दूसरे पक्ष का रविन्द्र घायल हुआ है। हमला करने वाले कुछ युवकों को डिटेन किया है। इस मामले में जांच जारी है।

 

18 जुलाई को ऑर्थोपेडिक वार्ड में चाकू मारा था

इससे पहले एमबीएस अस्पताल में 18 जुलाई की रात को ऑर्थोपेडिक वार्ड में एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया था। बेडशीट हटाने की बात को लेकर कहासुनी होने पर शाहरुख नाम के युवक ने सिद्धार्थ नाम के युवक पर हमला कर दिया था। जांघ पर चाकू लगने से घायल युवक को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *