राजस्थान। के चुरु में फूड पॉइजनिंग से 100 से ज्यादा लोगों की हालत बिगड़ गई। सरदारशहर तहसील के वार्ड 44 में बुधवार को कालू कुचामणिया की चार बेटियों का निकाह था। बुधवार शाम के समय बारात को विदा कर दिया गया, लेकिन घर में आए रिश्तेदार व आस-पड़ोस के लोगों को पेट दर्द व उल्टी होना शुरू हो गया। तबीयत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल ले जाया गया। एक साथ मरीजों की भीड़ से अस्पताल में बेड भी कम पड़ गए। मरीजों का जमीन पर लेटाकर इलाज किया गया। बारातियों की भी रास्ते में तबीयत खराब हो गई। CMHO डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि सभी की स्थिति सामान्य है, कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है।

पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद आसिफ खोखर ने बताया कि कालू कुचामणिया की चार बेटियों का निकाह था। करीब पांच सौ लोगों का खाना बनाया गया था। इसमें गुलाब जामुन, बर्फी, दही बड़ा, मटर पनीर की सब्जी, दाल-चावल, डिस्को पापड़ व पुड़ी आदि बनाई गई थी। खाना खाकर चारों की बारात को शाम करीब छह बजे विदा कर दिया गया था। परिवार के लोग भी बेटियों की विदाई के बाद घर में बैठे थे। बुधवार रात करीब आठ बजे के बाद शादी में शामिल होने आए हुए रिश्तेदारों को उल्टी-पेट दर्द व जी घबराने लगा। एकाएक आस-पड़ोस के लोगों की भी तबीयत खराब हो गई। 89 मरीजों को देर रात भर्ती करवाया गया। गुरुवार सुबह 22 लोग और अस्पताल पहुंचे।

डॉक्टर ने बताया है कि फूड पॉइजनिंग के कारण उल्टी व पेट दर्द की दिक्कत हुई है। बारातियों की भी वापस लौटते समय रास्ते में तबीयत खराब हो गई। जोधपुर के लिए रवाना हुए बारातियों की रतनगढ़ में तबीयत खराब हो गई। उन्होंने रतनगढ़ में किसी मेडिकल स्टोर से प्राथमिक उपचार लिया और फिर रवाना हो गए। इसके अलावा बीदासर के बारातियों की बीदासर पहुंचने के बाद तबीयत बिगड़ी। जिन्होंने बीदासर में उपचार करवाया। कालू कुचामणिया की बेटी फरजाना और अनिला की बारात बीदासर और अफसाना की बारात लाडनूं व राशिदा की बारात जोधपुर से आई थी।