ICU में ज्यादती : महिला के मुंह पर ऑक्सीजन मास्क और नर्सिंगकर्मी अश्लीलता करता रहा, सुबह पति आया तो लिखकर बताई आपबीती, पढ़े

जयपुर। थाना…सरकारी दफ्तर…और अब अस्पताल। प्रदेश में आखिर महिलाएं कहां सुरक्षित हैं? ताजा मामला जयपुर के शैल्बी हास्पिटल का है। यहां सोमवार रात ICU में एक नर्सिंगकर्मी ने वेंटिलेटर पर भर्ती महिला मरीज के साथ बार-बार अश्लीलता की। महिला का ऑपरेशन हुआ था। मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा था। दोनों हाथ बंधे हुए थे। आरोपी ने बार-बार पिंच करके देखा और उसके बाद महिला के साथ अश्लीलता करने लगा।

इस घिनौनी वारदात के कारण महिला पूरी रात रोती रही। सुबह जब पीड़ित ने हॉस्पिटल की महिला नर्स को बताने की कोशिश की तो आरोपी ने धमकाकर चुप करा दिया। उसके बाद पीड़ित ने अपने पति को लिखकर आपबीती बताई। पति ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर शैल्बी हॉस्पिटल लेकर गए थे। जहां डॉक्टरों ने शाम तक उनका ऑपरेशन कर दिया।

रात करीब 8 बजे ICU में शिफ्ट करने के बाद हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया कि आप साथ नहीं रुक सकते। जरूरत पड़ेगी तो बुला लेंगे। इसके बाद वह घर बच्चों के पास चले गए। सुबह जब लौटे तो पत्नी ने रोते हुए कुछ बताने के लिए इशारा किया। तब भी उनके मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ था। तब पति ने पेन और कागज दे दिया। पीड़िता ने इसमें अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में लिखा।

जांच अधिकारी ने कहा- CCTV फुटेज देखकर जांच की जा रही है
डीसीपी प्रदीप मोहन शर्मा ने कहा कि इस तरह की वारदात बेहद गंभीर है। पीड़िता के पति ने शाम करीब साढ़े चार बजे चित्रकूट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ड्यूटी चार्ट और CCTV कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करके तलाश शुरू की। आरोपी आगरा रोड पर रहता था। पुलिस टीमों ने लोकेशन के आधार पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। थाने लाने के बाद पूछताछ करके देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, जांच में सामने आया कि ICU में दो अलग-अलग कमरे बने हुए हैं। फीमेल नर्स दूसरे कमरे के मरीजों को देख रही थी और खुशीराम दूसरे कमरे के मरीजों को देख रहा था। इस दौरान आरोपी ने अश्लीलता की है। आरोपी को पकड़ लिया। बाकी लोगों की भूमिका के संबंध में CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी खुशीराम गुर्जर करौली के नादौती का रहने वाला है। वह कानोता इलाके में विजयपुरा स्थित कृष्णा धाम में रहता था।

अस्पताल बोला- हम अपने स्तर से जांच करवा रहे हैं…
शैल्बी हॉस्पिटल के CEO अनुभव सुखवानी ने कहा कि मरीज की तरफ से शिकायत मिली थी। पुलिस में भी शिकायत करवाई है। हमारे स्तर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा। क्योंकि ICU में फीमेल नर्स भी मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *