बीकानेर। अपने व्यवहार से आमतौर पर चर्चा में रहने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा शनिवार को यहां अपनी ही पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता से उलझ गए। बात इतनी बढ़ गई कि डोटासरा ने मेयर दावेदार रही अंजना खत्री से जाने के लिए कह दिया, पलटकर खत्री ने भी करारा जवाब दिया और कहा कि हम तो अपने घर में ही है, आप चलिए यहां से। इसके बाद चिल्लाते हुए खत्री ने सैकड़ों की भीड़ में कार्यकर्ताओं के समक्ष अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसी दौरान बना वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बीकानेर की वरिष्ठ महिला नेता अंजना खत्री ने बताया कि वो कुछ महिलाओं के साथ प्रदेशाध्यक्ष से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ महिलाओं ने फोटो खिंचवाने की इच्छा जताई। इस पर प्रदेशाध्यक्ष झल्ला गए और कहा कि आप लोग जाइये यहां से। एक बार तो सभी महिला कार्यकर्ता हट गई लेकिन बाद में स्वयं खत्री मंत्री के पीछे गई और कहा कि पार्टी के विषय में एक मिनट बात करनी है। इस पर डोटासरा फिर नाराज हो गए। कहा कि आप जाइये, इस पर खत्री ने पूछा कहां जायें? घर जायें क्या? इस पर डोटासरा ने कहा, हां घर जाइये। अब खत्री का भी पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से सबके सामने कहा कि हमारा घर तो ये बीकानेर ही है, आप जाइये यहां से? इतना कहने के बाद वो खत्री कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गई और चिल्लाकर अपने ही प्रदेशाध्यक्ष के बारे में कहा कि ये बदतमीजी नहीं चलेगी। हमें कहा जा रहा है कि जाओ अपने घर। अगर इसको जरूरत ही नहीं है तो ये जायें अपने घर।

बाद में अंजना खत्री सहित सभी महिला नेता सर्किट हाउस से निकल गई। कुछ स्थानीय नेताओं ने डोटासरा को बताया कि वो सामान्य कार्यकर्ता नहीं है बल्कि मेयर की उम्मीदवार रही है। बाद में अंजना खत्री को वापस बुलाया गया तो डोटासरा ने कहा वो सबसे मिलने के लिए ही आये हैं। बाद में अंध विद्यालय में भी अंजना खत्री डोटासरा के कार्यक्र्म में पहुंची लेकिन प्रदेशाध्यक्ष ने ज्यादा महत्व नहीं दिया।

नेता प्रतिपक्ष बनाने का कहने गए थे

खत्री ने बताया कि हम तो डाेटासरा से यह कहने गए थे कि नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के लिए किसी को भी जिम्मेदारी देने का काम करें। निगम में हमें भाजपा से लड़ना होता है लेकिन अब तक कोई नेता प्रतिपक्ष नहीं बना। बात सुनने के बजाय वो जाइये, जाइये करने लगे।