जयपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में अपराधी को पकड़े गए पुलिसकर्मी पर गोली मार दी गई। पुलिसकर्मी को गंभीर स्थिति में धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला धौलपुर जिले के मनिंया पुलिस थाना इलाके के विनतीपुरा गांव का है। यहां पिछले 18 अक्टूबर को कोविड सेंटर से चार हार्ड कोर अपराधी फरार हो गए थे। उनमें से एक कल्याण सिंह के बारे में पुलिस को सूचना मिली कि वह रविवार रात अपने गांव शादी में आया हुआ है। इस पर पुलिस कांटेबल अशोक राजावत अपने एक अन्य साथी के साथ विनीतपुरा गांव में पहुंचा। इसी बीच, अपराधी और उसके साथियों ने अशोक राजावत को घेरकर पकड़ लिया।

पहले तो उसके साथ मारपीट की गई और फिर बाद में उसके पैर में गोली मार दी जो उसकी जांघ में लगी। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस की टीम ने घायल अशोक राजावत को धौलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने अपराधियों को पकड़े के लिए पुलिस टीम गठित कर सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को बसेड़ी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार अपराधियों कल्याण सिंह, अजीत,विकास और आकाश को पकड़ा था। पुलिस ने जांच कर चारों को कोर्ट में पेश किया।

कोर्ट के निर्देश पर चारों की कोरोना जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चारों को बंदी वार्ड में रखा गया। वहां सुरक्षा के लिए एक जवान तैनात किया गया था। मौका पाकर 18 अक्टूबर को चारों शौचालय की दीवार को तोड़कर फरार हो गए थे। इनमें से दो आकाश व अजीत को पुलिस ने पकड़ लिया था, लेकिन कल्याण सिंह व विकास फरार चल रहे थे। कल्याण सिंह गांव में आने की सूचना पर ही पुलिसकर्मी गया था।