बीकानेर, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सोमवार दोपहर तक बीकानेर ही रहेंगी। बीकानेर दौरे के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान आमजन की समस्याओं को सुना। इस दौरान वसुंधरा राजे ने लम्पीग्रसित गायों के उपचार के लिए दवाइयां भेंट की। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री पूर्व यूआईटी सचिव महावीर रांका के निवास स्थान पहुंची, यहां से देवीसिंह भाटी के निवास पर जाकर उनकी माता के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। दोपहर को हैलीकॉप्टर से पूर्व सीएम राजे चूरू जिले बीदासर तहसील के लिए प्रस्थान करेंगी।
देशनोक, मुकाम और बीकानेर की सभाओं में उमड़ी भीड़ ने भाजपा के साथ कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। केन्द्रीय मंत्री और बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल के विरोधियों को साथ लेकर देवीसिंह भाटी झंडा बुलंद करते रहे हैं। भाजपा प्रदेश संगठन और केन्द्रीय संगठन ने राजे के दौरे को पार्टी का दौरा घोषित करते हुए कार्यकर्ताओं को कोई संदेश नहीं भेजा था। ऐसे में राजे के दौरे के बाद भाजपा में खलबली मच गई। दूसरी तरफ सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए भी जनता का जुटना चिंता बढ़ाने वाला रहा।
पूर्व सीएम राजे ने सुरसागर के हालात को देखा। उन्होंने कहा कि सूरसागर और बीकानेर शहर को सुन्दर और स्वच्छ बनाया था। उन्होंने सूरसागर की दुर्दशा को लेकर जनता से चुप नहीं बैठने का आह्वान किया।
