बीकानेर. माध्यमिक शिक्षा विभाग में एक बार फिर तबादलों का दौर शुरू हो गया है। अब कला संकाय के व्याख्याताओं के स्थानांतरण का इंतजार भी समाप्त हो गया है। गुरुवार को तबादलों के तीसरे दौर में कला संकाय के आठ विषयों के एक साथ 3724 व्याख्याताओं के तबादले किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक हिंदी विषय के व्याख्याता शामिल हैं। अब वाणिज्य संकाय के व्याख्याताओं को तबादलों का इंतजार है। गौरतलब है कि पहले दौर में 1750 प्राचार्यों, 375 उप प्राचार्यों तथा 983 से भी अधिक स्कूल व्याख्याताओं के तबादले किए गए थे। वहीं दूसरे दौर में करीब 4900 वरिष्ठ अध्यापकों तथा मंत्रालयिक संवर्ग के तबादले किए जा चुके हैं। तीसरे दौर में सबसे ज्यादा हिंदी के 1 हजार 103 व्याख्याताओं के तबादले किए गए हैं। इसके साथ ही कुल 8 विषयों के व्याख्याताओं को इधर से उधर किया गया है। इनमें अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान तथा संस्कृत विषय के व्याख्याता शामिल हैं।

करीब 11 हजार से अधिक शिक्षकों के हो चुके हैं तबादले

इससे पूर्व जारी तबादला सूचियों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान सहित, उर्दू, गणित, लोक प्रशासन, संगीत, चित्रकला आदि विषयों के 983 व्याख्याताओं के तबादले किए जा चुके हैं। इस तरह अब तक करीब 4 हजार 800 व्याख्याताओं, 1750 प्राचार्यों , 375 उप प्राचार्यों और 4 हजार 900 वरिष्ठ अध्यापकों के तबादले हो चुके हैं। इसके अलावा मंत्रालयिक संवर्ग के विभिन्न कर्मचारियों के भी तबादले किए गए हैं। इनमें प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर कनिष्ठ सहायक तक शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रधानाचार्य का स्थानांतरण

शिक्षकों तथा जिला शिक्षा अधिकारियों के बाद अब प्रशासनिक, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों तथा प्रधानाचार्यों के तबादलों की सूची जारी हुई है। शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने आदेश जारी कर 12 प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों तथा आठ प्रधानाचार्यों के तबादले किए हैं। जिन आठ प्रधानाचार्यों के तबादले किए गए हैं, उनमें जयपुर, पाली, अलवर, दौसा के प्रधानाचार्य शामिल हैं। संबंधित अधिकारियों का कार्य ग्रहण एवं कार्य मुुक्ति आवश्यक रूप से शाला दर्पण के माध्यम से ही की जाएगी। जिन अधिकारियों का परिवीक्षाकाल पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें कार्य मुक्त तथा कार्य ग्रहण नहीं कराया जाएगा। इसके अलावा जिन विद्यालयों में उप प्राचार्य के पद स्वीकृत हैं, उन स्कूलों में प्रधानाचार्य के कार्यग्रहण के पश्चात कार्यरत प्रधानाध्यापक माध्यमिक विद्यालय और जिनका स्थानांतरण नहीं हुआ है, वे उप प्राचार्य के पद पर यथावत कार्यरत रहेंगे।

अभी और सूचियां आने की संभावना

शिक्षा विभाग में अभी भी प्राचार्यों से लेकर वरिष्ठ अध्यापकों तथा मंत्रालयिक संवर्ग के कर्मचारियों की तबादला सूचियां आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।