बीकानेर. शिक्षा विभाग में अभी शिक्षा अधिकारी ग्रेड प्रथम के ढाई हजार के करीब कार्मिकों के तबादले किए गए हैं। अभी प्रथम ग्रेड में ही और तबादले किए जाने हैं। साथ ही प्रथम ग्रेड दस विषयों के विषय व्याख्याताओं, सैकेण्ड ग्रेड वरिष्ठ शिक्षकों की तबादला सूची जारी होने का इंतजार हो रहा है। रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस के अवकाश के चलते तबादला सूची तैयार करने का कार्य एक बारगी रोक दिया गया था। अब अगले दो-तीन दिन में तबादला सूचियां और जारी की जाएंगी। शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक, निदेशक और जिला शिक्षा अधिकारी इधर से उधर किए गए हैं। साथ ही प्राचार्य और उप प्राचार्य के बड़ी संख्या में तबादले किए गए हैं। विषय व्याख्याता ग्रेड प्रथम में अभी छह विषयों के व्याख्याताओं के छिट-पुट तबादले किए गए हैं, जबकि दस विषय ऐसे हैं, जिनके एक भी शिक्षक का तबादला नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक विषय व्याख्याताओं की तबादला सूचियों पर काम चल रहा है। इसके बाद वरिष्ठ शिक्षक ग्रेड सैकेण्ड की तबादला सूची जारी की जाएगी।

इन विषयों के व्याख्याताओं के तबादलेअभी तक जीव विज्ञान, गणित, वाणिज्य, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान विषय के 371 व्याख्याताओं के तबादले किए गए हैं। साथ ही प्राचार्य 1750 और 375 उप प्राचार्य के तबादले किए जा चुके हैं। अभी हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, रसायन विज्ञान, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान, वाणिज्य, गृह विज्ञान, गणित के व्याख्याताओं के तबादले होने हैं।

मंत्रालयिक संवर्ग के भी नहीं हुए तबादले

शिक्षा विभाग में मंत्रालयिक संवर्ग के भी ज्यादा तबादले नहीं हुए हैं। हर साल इस संवर्गों के भी बड़ी संख्या में तबादले होते हैं। इस बार अभी तक गिने-चुने कार्मिकों को ही इधर-उधर किया गया है। साथ ही शारीरिक शिक्षकों, पुस्तकालय अध्यक्षों आदि को भी तबादलों का इंतजार है।

प्रधानाध्यापकों को समायोजन का इंतजार

राज्य में 3800 माध्यमिक स्कूलों को समाप्त कर उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत कर दिया गया। इन स्कूलों में कार्यरत साढ़े तीन हजार प्रधानाध्यापकों को समायोजन का इंतजार है। हालांकि प्राचार्य नहीं लगाने तक उन्हीं स्कूलों में संस्था प्रधानों को दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक करीब 375 प्रधानाध्यापकों को उप प्राचार्य के पदों पर लगाया गया है।