बीकानेर : अस्थिर तापमान, तापमापी में पारा खेल रहा है फुटबॉल

बीकानेर। सर्दी इस बार अठखेलियां कर रही है। तापमापी में पारा भी जैसे फुटबॉल खेल रहा है। कभी इस पार तो कभी उस पार। दो दिन पहले शुक्रवार को बीकानेर में न्यूनतम पारा 11.1 डिग्री सेल्सियस था जो शनिवार और रविवार को घटता ही चला गया। रविवार सुबह 6.3 डिग्री सेल्सियस हाे गया, जो शनिवार को 5.6 डिग्री सेल्सियस था। कभी शीतलहर शुरू हो जाती है और कभी दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगता है। अधिकतम तापमान शनिवार व रविवार दोनों ही दिन सुबह 8 बजे भी 22 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दोपहर में यह बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

संभाग सर्दी की चपेट में

न सिर्फ बीकानेर बल्कि चूरू व श्रीगंगानगर में भी तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। चूरू में रविवार को न्यूनतम तापमान 1.9 और अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हनुमानगढ़ का तापमान भी कमोबेश श्रीगंगानगर जैसा ही रहा। मौसम विभाग की मानें तो 17 से 19 जनवरी तक संभाग में बीकानेर को छोड़ शेष तीनों जिलों में घना कोहरा हो सकता है। बीकानेर जिले को लेकर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी नहीं दी है। ऐसे में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने व मौसम साफ रहने की उम्मीद की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *