बीकानेर। प्रदेश के 20 जिलों के 90 निकायों में हो रहे चुनाव में आज नाम वापसी का दिन है। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़, नोखा, देशनोक में घमासान होना है वहीं दूसरी ओर टिकट वितरण से नाराज होकर चुनावी मैदान में डटे बागियों को मनाने के लिए कांग्रेस और भाजपा नेताओं की ओर से देर रात तक बागियों के मान मनुहार का दौर जारी था। हालांकि पिछले 4 दिनों से लगातार हो रही मनुहार के बावजूद भी बागियों ने बगावत का रास्ता नहीं छोड़ा। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों की नींद बागी निर्दलीयों उड़ा दी है अभी तक अधिकांश बागी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। सूत्रों की माने तो कांग्रेस और भाजपा की ओर से अपने -अपने बागियों को लेकर की जा रही है मान-मनुहार कही बेकार ही साबित न हो जाए। दोनों ही दलों के अधिकांश बागी चुनाव मैदान से हटने को तैयार नहीं है। आज दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी होगी, उसके बाद शाम पांच बजे फाइनल प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। दोपहर 3 बजे का इंतजार किया जा रहा है उसके बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि भाजपा और कांग्रेस से कितने बागी अभी भी चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी कह चुके हैं कि बागियों को मनाने की कवायद लगातार जारी है।

देशनोक में दोनों पार्टी को आ रहा पसीना

देशनोक पालिका चुनाव में रोचकता लगातार बढ़ने लगी है। भाजपा व कांग्रेस द्वारा टिकट वितरण से उपजा असन्तोष को कम करने में नेता जुट गए है। कांग्रेस के मुकाबले भाजपा में खासी नाराजगी है। वार्ड नं 8,14,15,18,21 में भाजपा के बागी ताल ठोक रहे है। कई वार्डो में भाजपा के बागी खासे मज़बूत स्थिति में है। बागियों को मनाने के प्रयास भी जोरो पर है। देशनोक प्रगति मंच ने देशनोक पालिका के 13 वार्डो में अपने प्रत्यासी उतारे है। वार्ड नं 5 व 20 में मंच व कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। वार्ड 20 से भाजपा प्रत्यासी का पर्चा खारिज़ होने से अब मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। दोनों ही सीटे हॉट सीट बन चुकी है। वार्ड 5 से कांग्रेस के सितादान चारण चुनावी ताल ठोक रहे वहीं वार्ड 20 से जगदीश दान चारण चुनाव लड़ रहे है। मंच के संयोजक कौशल दुगड़ के नेतृत्व में प्रचार -प्रसार जोरो पर है। मंच की बढ़ती लगातार जनप्रियता दोनों ही राजनीतिक पार्टियों की जमीन में सेंध लग सकती है।
हालांकि रविवार को देशनोक भाजपा मण्डल की बैठक आयोजित कर एकजुटता से चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई गई। मण्डल अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार चारण ने बताया कि नाराज व बागियों को मनाने के लिए अलग अलग नेताओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्ड नं 8 से बागी होकर चुनावी ताल ठोक रहे पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा व रामेश्वर सुथार की अनुपस्थिति भाजपा के लिए चिंता का सबब बन सकती है।