देवेन्द्रवाणी न्यूज़,बीकानेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने राज्यभर में ब्लॉक अध्यक्षों के रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति कर दी है। इसमें बीकानेर जिले में आठ ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं। बीकानेर पश्चिम, खाजूवाला, कोलायत और नोखा में ब्लॉक अध्यक्षों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के साथ ही कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा की ओर से जारी जंबो लिस्ट में बीकानेर के आठ ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्ति किए गए हैं। इसमें बीकानेर पश्चिम के ए ब्लॉक में जाकिर हुसैन नागौरी, बी ब्लॉक में सुमित वल्लभ कोचर को नियुक्त किया गया है। सुमित लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय है। एनएसयूआई से यूथ कांग्रेस और अब ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए है। वो किसान और कांग्रेस नेता वल्लभ कोचर के पुत्र हैं। वहीं जाकिर हुसैन नागौरी को ए ब्लॉक का जिम्मा दिया गया है। जाकिर भी अर्से से कांग्रेस में सक्रिय है। इसके अलावा खाजूवाला के छत्तरगढ़ ब्लॉक में कयामूदीन पडिहार और खाजूवाला ब्लॉक में रामेश्वर लाल गोदारा को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू में गणपत राम सिगड़ को, श्रीकोलायत ब्लॉक में मदनलाल चौहान को जिम्मा दिया गया है। नोखा में भी दो ब्लॉक अध्यक्ष बना गए हैं। नोखा सिटी में मोहन लाल लीलण और नोखा देहात में रामनिवास तर्ड को अध्यक्ष बनाया है।
बधाईयों का सिलसिला शुरू
इन ब्लॉक अध्यक्षों के घर अब बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया है। बी ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर के घर पर बधाई देने लोग पहुंच रहे हैं। सुमित के समर्थक अब चार बजे जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं। उधर, अन्य ब्लॉक अध्यक्षों के यहां भी खुशियां मनाई जा रही है। इन नियुक्तियों में वंचित रहे नेताओं की फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र
जिन क्षेत्रों में ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं, वो तीनों बीकानेर से प्रदेश सरकार में मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में बीकानेर शहर के दोनों ब्लॉक में शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, खाजूवाला में आपदा प्रबंधन मंत्री गोविन्दराम मेघवाल और श्रीकोलायत में ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी की सिफारिश से ही ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं।
जातीय समीकरण प्रभावी रहे
इन नियुक्तियों में भी जातीय समीकरणों को ध्यान में रखा गया है। बीकानेर पश्चिम में सुमित कोचर को जोड़ा गया है जो वैश्य समाज से आते हैं और गंगाशहर क्षेत्र में अच्छा प्रभाव रखते हैं। इसके अलावा बी ब्लॉक से अल्पसंख्यक समाज के जाकिर हुसैन है। मुस्लिम वोटों को खींचने के लिए कांग्रेस ये निर्णय किया है। इसी तरह नोखा, खाजूवाला और श्रीकोलायत में भी जाट समाज को विशेष अवसर दिया है।